रक्कड़ कालोनी में हुई महिला की संदिग्ध मौत मामले में पुलिस ने अब उसके पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
इससे पहले पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा 306 के तहत मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान शिकायत और सुबूतों को आधार मानकर पुलिस ने अब इस बहुचर्चित मामले में दफा 302 जोड़ दी है। हालांकि अभी इस मामले में पोस्टमार्टम और बिसरा रिपोर्ट आना बाकी है।
बताया जा रहा है कि बबिता कांगड़ा जिला में पूर्व में आयोजित एक ब्यूटी कांटेस्ट में मिस कांगड़ा का खिताब जीत चुकी है। पुलिस ने महिला के भाई एवं बेटी के बयान के आधार पर आरोपी पति ध्रुव के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद उसके पति को शनिवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे 14 दिन के न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश जारी किए हैं। मामले की पुष्टि एसपी ऊना अनुपम शर्मा ने की है।
यह है पूरा मामला
6 दिसंबर को रक्कड़ कॉलोनी निवासी बबिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। उसके भाई अविनाश एवं बेटी के बयान के बाद पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया था। पुलिस ने दोनों के बयान के आधार पर महिला के पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
कोट्स
एसपी ऊना अनुपम शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि आरोपी को शनिवार अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।