गगरेट क्षेत्र की एक विवाहिता ने पंजाब के जिला होशियारपुर के आदमपुरवाल स्थित अपने ससुराल में पेट्रोल छिड़क कर आत्महत्या करने का प्रयास किया। घटना में विवाहिता लगभग 70 फीसदी तक झुलस गई है। जिसे गंभीर हालत में पीजीआई रेफर किया गया है।
जानकारी अनुसार गगरेट क्षेत्र के एक गांव की विवाहिता ने होशियारपुर स्थित अपने ससुराल में पति के साथ घरेलू विवाद के बाद पेट्रोल छिड़क कर खुद को आग के हवाले कर लिया। घटना में महिला करीब 70 फीसदी झुलस गई। विवाहिता का पति गंभीर हालत में उसे होशियारपुर अस्पताल ले गया। जहां से चिकित्सकों ने उसे पीजीआई रेफर कर दिया। लेकिन, पति उसे उपचार के लिए गगरेट स्थित अस्पताल ले आया। जहां चिकित्सक राहुल कतना ने महिला को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में पीजीआई रेफर कर दिया है।
उधर, गगरेट अस्पताल में तैनात चिकित्सक राहुल कतना ने बताया कि विवाहिता की हालत गंभीर है। जिसे प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रेफर किया गया है।
वहीं, थाना प्रभारी गगरेट हाशिम अली ने बताया कि मामला होशियारपुर से संबंधित है। लेकिन, सूचना मिलते ही पुलिस गगरेट अस्पताल पहुंची, जहां पीड़िता के पति के बयान दर्ज किए गए हैं।