रविवार देर रात बंगाणा चौक पर ड्यूटी दे रहे होमगार्ड जवान के साथ पंचायत प्रतिनिधियों ने कथित तौर पर जमकर मारपीट की। इतना ही नहीं ड्यूटी दे रहे होमगार्ड जवान की वर्दी और बेल्ट भी उतरवाकर अपने पास रख ली। उनके चुंगल से बचकर किसी तरह गृहरक्षक ने बंगाणा थाने में फोन कर घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने तीन आरोपियों को तो धर दबोचा, लेकिन दो भागने में कामयाब रहे।
पुलिस की जानकारी के मुताबिक रविवार देर रात साढ़े दस बजे के करीब होमगार्ड जवान टिक्का खान बंगाणा चौक पर नाइट ड्यूटी दे रहा था। हटली की तरफ से एक पीबी नंबर का ट्रक आया। सामने से आ रही एक कार ट्रक से टकरा गई। कार में सवार तीनों लोगों ने ट्रक चालक को बुरी तरह से पीटना शुरू कर दिया। पास ही ड्यूटी दे रहे होमगार्ड जवान टिक्का खान ने ट्रक चालक को उनके चुंगल से छुड़ाने का प्रयास किया। नशे में धुत्त लोगों ने गृहरक्षक को ही पीटना शुरू कर दिया।
इतना ही नहीं उन्होंने गृहरक्षक की वर्दी और बेल्ट उतरवाकर अपने पास रख ली और उसे देख लेने की धमकियां देने लगे। गृहरक्षक ने किसी तरह उनके चुंगल से निकलकर बंगाणा पुलिस थाने में फोन कर घटना की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डोहगी पंचायत के मौजूदा प्रधान केसर सिंह, उपप्रधान सुदर्शन शर्मा और सेवानिवृत्त जेई कुलदीप शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। जबकि दो आरोपी मौके से फरार हो गए।
उधर, एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि कार को कब्जे में लेकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मेडिकल करवाने के बाद तीनों आरोपियों को जमानत पर रिहा कर दिया गया है। बाकी दो आरोपियों की तलाश जारी है।