औद्योगिक क्षेत्र टाहलीवाल स्थित आईपीएच विश्राम गृह के पास एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियां में शव मिलने से समूचे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान सुरेश पुत्र जोगिंद्र निवासी बीटन के रूप में हुई है। पुलिस ने शव के समीप चार इंजेक्शन लगाने वाली सिरिंज बरामद की हैं। इनमें तीन खाली, जबकि एक आधी भरी हुई थी। मृतक का शरीर पूरी तरह से काला पड़ चुका था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ऊना अस्पताल भेज दिया है। मामला हत्या का है या फिर नशे की ओवरडोज का, अभी इसका खुलासा नहीं हो पाया है। डीएसपी हरोली अमित शर्मा ने मौके का जायजा लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह टाहलीवाल के ग्रामीणों ने स्थानीय विश्राम गृह के समीप एक युवक का शव पड़ा देखा तो उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। डीएसपी अमित शर्मा की टीम ने घटना स्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों से पूछताछ करने पर युवक की पहचान बीटन निवासी सुरेश कुमार के रूप में हुई। पुलिस को शव के समीप से चार सिरिंज बरामद हुई हैं। इनमें एक आधी भरी हुई थी। पुलिस चारों सिरिंज को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज रही है। डीएसपी हरोली अमित शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के क0ारणों का खुलासा हो पाएगा।