एटीएम कोड पूछकर शातिरों ने नारी गांव की एक महिला के खाते से 30 हजार रुपये की नकदी उड़ा ली। जब तक महिला को इस बारे में पता लगता तब तक शातिर अपना काम कर चुके थे। पीड़ित महिला के पति ने एसपी अनुपम शर्मा को शिकायत देकर शातिरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस को दी शिकायत में निर्मला देवी पत्नी अश्वनी कुमार निवासी नारी ने बताया कि उसके मोबाइल पर एक व्यक्ति ने बैंक अधिकारी बनकर बताया कि उसका एटीएम कार्ड ब्लॉक हो गया है, जिसे दोबारा चालू करवाने के लिए आपको अभी पासवर्ड बताना पड़ेगा। महिला मोबाइल करने वाले की बातों के झांसे में आकर अपने एटीएम का पासवर्ड बता दिया।
महिला ने जब एसबीआई बैंक की ऊना शाखा को फोन किया तो बैंक अधिकारियों ने ऐसे किसी फोन करने से इंकार कर दिया। उसके बाद महिला निर्मला देवी के मोबाइल पर तीस हजार रुपये की नकदी निकाले जाने का मैसेज आया। उसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ। बैंक अकाउंट की डिटेल पूछकर ऑनलाइन ठगी करने के मामले रुकने के नाम नहीं ले रहे हैं।
हालांकि इस मामले में पुलिस और बैंक की ओर से बार-बार यह जागरूकता फैलाई जा रही है कि बैंक इस तरह के मामलों में ग्राहकों को फोन नहीं करते। एसपी अनुपम शर्मा ने कहा कि शिकायत आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने ऐसे मामलों में लोगों को सचेत रहने का आग्रह किया है।