टाहलीवाल (ऊना)। औद्योगिक क्षेत्र टाहलीवाल-बाथड़ी मार्ग पर नील गाय की चपेट में आने एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक की पहचान शाम लाल निवासी हजारी लाल निवासी नंगल कलां के रूप में हुई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को अस्पताल भेज दिया है, जबकि मामले की आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार शाम लाल बुधवार देर रात को औद्योगिक क्षेत्र के एक क्रशर में काम करने के बाद बाइक पर वापस अपने घर को लौट रहा था कि इसी दौरान बाथड़ी-टाहलीवाल मार्ग पर स्थित एक निजी होटल के पास बाइक की अचानक नील गाय से टक्कर हो गई, जिससे शाम लाल बुरी तरह से लहूलुहान हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उसे गंभीरावस्था में क्षेत्र के ही एक अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। वहीं टाहलीवाल में ट्रैफिक पुलिस में तैनात कर्मचारी अमित शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले के संदर्भ में पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।