अंब (ऊना)। उपमंडल अंब के तहत सेरी संपर्क मार्ग पर बाइक से गिरने पर एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान बलविंद्र कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है, वहीं पुलिस ने मामले के संदर्भ में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार बलविंद्र कुमार निवासी कुनेरन रविवार को बाइक पर अपने ससुराल खड्ड से घर कुनेरन आ रहा था तो सेरी संपर्क मार्ग पर बाइक से गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहां से गुजर रहे किसी राहगीर ने दुर्घटना की जानकारी फोन पर 108 एंबुलेंस को दी।
एंबुलेंस की मदद से बलविंद्र कुमार को अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया है। डीएसपी अंब जितेंद्र चौधरी ने बताया कि सड़क दुर्घटना में बलविंद्र कुमार की मौत को लेकर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।