ऊना।
घनारी के जोह गांव के एक युवक ने पुलिस कांस्टेबल इंटरव्यू में धांधली के आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है। युवक ने इसको लेकर पुलिस महानिदेशक सीताराम मरडी को शिकायत पत्र भेजा है।
जोह निवासी सचिन कुमार ने बताया कि उसने पुलिस कांस्टेबल की भर्ती के लिए आवेदन किया था। मेरिट में उसका चौथा स्थान था। साक्षात्कार के बाद उसका नाम चयनित सूची में नहीं था। सचिन ने कहा कि मेरिट में 17वें रैंक में पहुंचे अभ्यर्थी से ऐसा क्या पूछा गया कि उसे 15 में से 10 अंक दिए गए। मेरिट में 4, 5, 6, 7 एवं 8 रैंक हासिल करने वाले अभ्यर्थियों को बाहर का रास्ता दिखाया गया। जबकि 9, 10, 11 एवं 17वीं रैंक वाले अभ्यर्थियों का चयन कर लिया गया। सचिन ने बताया कि उसका आखिरी मौका था लेकिन इस प्रकार की धांधली से सिस्टम पर विश्वास उठ गया है।
उन्होंने पुलिस महानिदेशक से आग्रह किया है कि पुलिस भर्ती में हो रही कथित धांधली की जांच करें और उन्हें न्याय दिया जाए।
इस बारे में एसपी दिवाकर ने कहा कि पुलिस भर्ती में पूरी पारदर्शिता बरती गई है। उन्होंने कहा कि साक्षात्कार में उसी अभ्यर्थी का चयन होता है जिसका ओवर ऑल प्रदर्शन ठीक हो। ऐसे अभ्यर्थी जिनका मेरिट में चौथा या पांचवां स्थान वे इसलिए बाहर हुए क्योंकि उनका साक्षात्कार में प्रदर्शन ठीक नहीं रहा। अभ्यर्थी के आरोप निराधार हैं।