ऊना। रक्कड़ कॉलोनी की कुछ महिलाओं में एक उच्च अधिकारी के खिलाफ अभद्र व्यवहार को लेकर गुस्सा फूट पड़ा है। गुस्साई महिलाओं ने सरकारी कार्यालय के अधिकारी के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया।
इसमें अनीता शर्मा, अनुराधा, सपना, रीता, प्रवीण, मोहिनी, शकुंतला देवी, लीला देवी, किरण बाला और सुदर्शना समेत कई महिलाएं शामिल हुईं। इस दौरान प्रदर्शनकारी महिलाओं ने पुलिस प्रशासन से अधिकारी को गिरफ्तार करने की मांग उठाई। महिलाओं का आरोप है कि अधिकारी ने अपने कार्यालय में उनके साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया। इन महिलाओं ने अधिकारी पर घूर कर देखने के आरोप भी जड़े हैं। महिलाओं ने चेताया कि जब तक आरोपी अधिकारी गिरफ्तार नहीं किया जाता, प्रदर्शन का सिलसिला जारी रहेगा। उधर, अधिकारी ने महिलाओं द्वारा लगाए आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है। एसपी दिवाकर शर्मा ने कहा कि महिला की शिकायत पर आरोपी अधिकारी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की आगामी जांच की जा रही है।