अमर उजाला ब्यूरो
गगरेट(ऊना)।
पुलिस थाना गगरेट के तहत अंबोटा में एक 14 वर्षीय नाबालिग ने फंदे पर झूलकर जान दे दी। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार साहिल निवासी पिरथीपुर अपने मामा के घर अंबोटा में रहता था। सोमवार को साहिल और उसकी नानी घर पर अकेले थे। साहिल की नानी घर के कामकाज में लगी थी। जब काफी देर तक साहिल अपने कमरे से बाहर नहीं निकला तो परिजनों ने अंदर देखा तो साहिल अपने कमरे में फंदे से झूल रहा था।
मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर मृतक के शव को कब्जे में ले लिया। मृतक के कमरे से एक फंदा लगाने का कपड़ा भी बरामद हुआ जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। बताया जा रहा है कि साहिल स्थानीय स्कूल में दसवीं की कक्षा का छात्र था। साहिल ने किन कारणों से मौत को गले लगाया, इसका खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। प्राथमिक दृष्टि में घटना को आत्महत्या मामना जा रहा है। एसपी संजीव गांधी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों से पूछताछ की जा रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए टांडा अस्पताल भेज दिया है।