अमर उजाला ब्यूरो
अंब (ऊना)।
पुलिस थाना अंब के तहत ऊना-अंब रोड पर एक कार ने बुजुर्ग महिला को रौंद डाला। इस हादसे में वृद्ध महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान संसारी देवी पत्नी बलराज निवासी सूरी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर को हादसा उस समय हुआ जब संसारी देवी (70) पत्नी बलराज निवासी सूरी को अंब-ऊना मार्ग पर एक कार ने अपनी चपेट में ले लिया। जब वह स्थानीय ग्रामीण बैंक की शाखा में जा रही थी, कार ने वृद्धा को पीछे से टक्कर मारी और चालक गाड़ी को ऊना की तरफ भगा ले गया। वृद्धा को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल अंब लाया गया जहां उसकी मृत्यु हो गई। अंब थाना प्रभारी मोहन रावत ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्तपाल ऊना भेज दिया गया है। लोगों से पूछताछ की जा रही है।