ऊना। धार्मिक लंगर लगाने के नाम पर शहर में फर्जी रसीदे काटकर लोगों से पैसे हड़पने का मामला सामने आया है। पुलिस ने लोगों की शिकायत पर नंगल के पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक रसीद बुक एवं नकदी भी बरामद की है। पांचों युवक नशे में धुत पाए गए। पुलिस ने आरोपी युवकों को हिरासत में लेकर मेडिकल के लिए अस्पताल भेज दिया है। वहीं मामले के संदर्भ में आगामी जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शनिवार को जिला मुख्यालय की दुकानों में जाकर पांच युवकों की एक टोली दुकानदारों से लंगर लगाने के लिए चंदा वसूल रही थी। युवकों ने कई लोगों से हजारों रुपये का चंदा भी इकट्ठा कर लिया था। इसी बीच एक व्यक्ति को युवकों की हरकत पर कुछ शक हुआ, तो उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच की, तो युवक संतोषजनक उत्तर न दे पाए। इसके बाद पुलिस ने युवकों से एक रसीद बुक एवं नकदी को अपने कब्जे में ले लिया। उधर डीएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामले के संदर्भ में जांच शुरू कर दी है। आरोपियों को हिरासत में लेकर मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा है।