अमर उजाला ब्यूरो
गगरेट (ऊना)। चिट्टा कारोबारियों के खिलाफ गगरेट पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। बीते शनिवार को गगरेट से चिट्टे के साथ पकड़े दो युवकों से तफ्तीश के बाद स्थानीय पुलिस ने होशियारपुर में दबिश देकर 270 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। चिट्टे के खिलाफ ये अब तक की सबसे बड़ी कामयाबी बताई जा रही है।
शनिवार को पकड़े गए युवकों ने पुलिस को बताया था कि उन्हें चिट्टे की सप्लाई होशियारपुर से मिलती है। इसके बाद पुलिस ने नशा तस्कर के खिलाफ कार्रवाई की योजना बनाई। पुलिस ने युवकों की निशानदेही पर होशियारपुर में एक घर में दबिश दी। जहां से 270 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए नाकाबंदी की। लेकिन वह फरार हो गया।
पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी संजीव कुमार शिब्बा पुत्र सुरेंद्र पाल गली नंबर 9 के खिलाफ होशियारपुर में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। गगरेट पुलिस ने दावा कि ये ही मुख्य तस्कर है जो जिला ऊना में बड़े स्तर पर चिट्टे की सप्लाई करता है। इस पर हुई कार्रवाई से अब जिले में चिट्टे के बढ़ते कारोबार पर अंकुश लग सकता है।
पंजाब पुलिस ने पकड़ा 755 ग्राम चिट्टा
पंजाब पुलिस ने होशियारपुर की एक अन्य जगह से सोमवार को ही लगभग 755 ग्राम चिट्टा पकड़ा। एक ही दिन में एक किलो के करीब चिट्टा होशियारपुर से बरामद किया गया है। इसकी बाजार में कीमत में लाखों में बताई जा रही है। गगरेट पुलिस ने चिट्टा माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई से जहां चिट्टा माफिया में हड़कंप मच गया है। वहीं आम नागरिक इस कार्रवाई को समाज में एक नई दिशा देने वाली बता रहे हैं।
गौरतलब है कि पाकिस्तान के रास्ते चिट्टा पंजाब से होता हुआ, प्रदेश के युवाओं को मुहैया करवाया जा रहा है। चिट्टे पर प्रतिदिन हो रही पुलिस कार्रवाई से चिट्टा माफिया की कमर टूटने लगी है। डीएसपी अशोक वर्मा ने कहा कि पुलिस ने गगरेट में पकड़े आरोपियों की निशानदेही पर दबिश दी है। जहां पुलिस ने चिट्टा बरामद किया है। मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गया है। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।