टाहलीवाल (ऊना)। ट्रक यूनियन टाहलीवाल के पास किराए के मकान रह रहे युवक पर अज्ञात लोगों ने तेजधार हथियार से हमला कर बुरी तरह लहूलुहान कर दिया। हमलावर पीड़ित युवक का मोबाइल और दो हजार रुपये की नकदी तक लूट कर फरार हो गए है। वारदात के बाद युवक को लहूलुहान हालत में नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार टाहलीवाल ट्रक यूनियन के पास किराए के मकान में रह रहे प्रवासी कामगारों से बुधवार सुबह लगभग 5 बजे दो अज्ञात युवक ने पीने का पानी मांगते हुए घुस गए। इस दौरान एक कामगार सोया था जबकि सोनू जाग रहा था। वह पानी लेने दूसरे कमरे में चला गया। जैसे ही वह वापस आया तो दोनों अज्ञात युवक सो रहे कामगार का मोबाइल एवं दो हजार की नकदी लेकर भागने की कोशिश करने लगे।
इस पर प्रवासी कामगार ने शोर मचाना शुरू कर दिया और सो रहे प्रवासी दोनों युवकों पर टूट पड़ा। दोनों प्रवासी कामगारों को भारी पड़ता देख अज्ञात लुटेरों ने कामगार सोनू पर चाकू से वारकर दिया। इससे वह बुरी तरह से लहूलुहान हो गया। अज्ञात युवक मोबाइल और नकदी लेकर भाग निकले। इस बारे में डीएसपी हरोली कुलविंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने घायल प्रवासी कामगार की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है।