ऊना। स्थानीय कॉलेज के पास ऊना-नंगल मुख्य मार्ग पर कुछ युवकों ने मिलकर एक युवक पर हमला कर दिया। मारपीट की इस वारदात में युवाओं ने एक युवक की बुरी तरह पीट दिया। मारपीट में युवक को गंभीर चोटें आई हैं। घायल युवक को उपचार के लिए ऊना अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रेफर कर दिया। मारपीट की वारदात के बाद कॉलेज के छात्र-छात्राओं में दहशत का माहौल बना हुआ है। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बुधवार को पंजाब के आनंदपुर तहसील के तहत नानग्रां गांव के युवक की ऊना कॉलेज के पास कुछ युवकों ने जमकर पिटाई कर दी। मामला विवाह के लिए रिश्ते से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। सुनील के परिजनों के अनुसार उसकी शादी के लिए रिश्ता ऊना के एक गांव की युवती से करीब एक साल पहले हुआ था। युवक की मंगेतर ऊना कॉलेज में एमकॉम की छात्रा बताई जा रही है।
कुछ दिनों से किसी बात को लेकर फोन के माध्यम से उक्त रिश्ते को लेकर मनमुटाव की बातें सामने आने लगीं। इस मामले को लेकर बुधवार को युवक और उसकी मंगेतर का मिलना जैसे ही ऊना कॉलेज के पास हुआ तो लड़की के भाई ने अपने साथियों के साथ वहां आकर सुनील को पीटना शुरू कर दिया। मारपीट में युवक को अधमरा कर आरोपी युवक मौके से फरार हो गए।
मारपीट में घायल युवक को लोगों ने ऊना अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत में पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रेफर कर दिया। एसपी दिवाकर शर्मा का कहना है कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।