ऊना। ग्राम पंचायत मलाहत में सर्पदंश से एक महिला की मौत हो गई है। मृतका की पहचान विमला देवी (47) पत्नी चरणजीत सिंह निवासी मलाहत के रूप में हुई है। पुलिस ने क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के हवाले कर दिया है।
जानकारी के अनुसार मलाहत निवासी विमला देवी रविवार देर सायं अपने खेतों में काम कर रही थी। अचानक घास में छुपे हुए सांप ने उसे डस लिया। स्थानीय लोगों व परिजनों ने तुरंत उसे ऊना अस्पताल पहुंचाया, लेकिन शरीर में जहर ज्यादा फैल जाने की वजह से उसकी मौत हो गई। बरसात में अब तक लगभग एक दर्जन लोगों की मौत सर्पदंश से हो चुकी है। पंचायत प्रधान मलाहत गुरचरण सिंह ने मामले की पुष्टि की है। उधर, डीएसपी कुलविंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के हवाले कर दिया है।