ऊना।
नशा माफिया पर शिकंजा कसने के लिए जिला पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद ली है। बुधवार को डॉग स्क्वायड से लैस पुलिस टीम ने ऊना शहर के विभिन्न हिस्सों में चेकिंग की। पुलिस ने बस स्टैंड ऊना और कॉलेज के समीप दुकानों का निरीक्षण किया। चेकिंग के दौरान पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा लेकिन पुलिस का दावा है कि डॉग स्क्वायड की मदद से नशा कारोबार पर लगाम लगाने में सफलता हासिल होगी।
चेकिंग के दौरान एएसपी अमित शर्मा भी पुलिस टीम के साथ रहे। उन्होंने भी कई दुकानों में खुद जाकर निरीक्षण किया। एएसपी अमित शर्मा ने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस लगातार मुहिम चलाए हुए हैं। इसी कड़ी में डॉग स्क्वायड की मदद ली जा रही है। बुधवार को पुलिस की टीम ने डॉग स्क्वायड की मदद से दर्जनों दुकानों की चेकिंग की। उन्होंने कहा कि पुलिस की टीम स्कूलों और कॉलेजों में जाकर युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक कर रही है। उन्होंने युवाओं से भी आह्वान किया कि नशे से दूर रहें। यदि किसी को नशे कारोबारियों के बारे में कोई सूचना है तो पुलिस को जरूर दें।