दुलैहड़/हरोली। क्षेत्र के पोलिया बीत में पिकअप पलटने से दो दर्जन के करीब लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भेजा गया है। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। बताया जा रहा पिकअप सवार पंजाब के जैजो में भंडारा लगाने जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार शनिवार देर शाम नंगल से एक पिकअप में सवार होकर लोगों का एक जत्था पंजाब के जैजो जा रहा था कि इसी बीच हरोली के पोलियां बीत के पास गाड़ी तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में करीब दो दर्जन लोग बुरी तरह से घायल हो गए। लोगों की चीखो पुकार सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए सीएचसी हरोली ले जाया गया। जहां घायलों को चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया। उधर, डीएसपी हरोली धनराज सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है।
रीतिका, सागर और प्रिंस निवासी नंगल को गंभीर हालत में पीजीआई रेफर कर दिया गया है। हादसे में नीतिन, राकेश, रजनी, पूनम, दीपक, सुरभि, मीना, जीवन सहित करीब दो दर्जन लोग घायल हुए हैं।