दौलतपुर चौक (ऊना)। समीपवर्ती गांव मवां कहोलां में दोस्त की शादी में आए युवक की मौत हो गई। मवा कहोलां गांव के युवक गुरदीप सिंह की शादी की पार्टी में शामिल होने के लिए बद्दी से दोस्तों के साथ आया था।
सूत्रों के अनुसार देर रात तक सभी दोस्त अंशुल, मोहित, मनोज व सुशील डीजे की धुनों पर नाच रहे थे। कार्यक्रम खत्म होने पर सभी दोस्त मवां कहोलां गांव से बद्दी के लिए चले गए। रास्ते में सुशील कुमार ने दोस्तों से बातचीत नहीं की। उसे उसी समय ऊना अस्पताल ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने सुशील कुमार पुत्र कुलदीप सिंह निवासी टिक्का कोठी कराड़ा जिला हमीरपुर को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी एएसआई राजिंद्र सिंह पठानिया ने शव को कब्जे में लिया। इसके बाद कानूनी कार्रवाई करने के बाद पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। एएसआई राजिंद्र सिंह पठानिया ने बताया कि शव पर किसी भी प्रकार की चोट का निशान नहीं है। डीएसपी अंब मनोज जंबाल ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में धारा 174 सीआरपीसी के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस संबंध में पुलिस ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।