अमर उजाला ब्यूरो
मैहतपुर (ऊना)।
नगर परिषद मैहतपुर के क्षेत्र के रेलवे रोड पर स्थित एक दुकान में शुक्रवार देर रात अचानक आग लग गई। दुकान में आग लगने से दुकानदार का तकरीबन 20 हजार का सामान जल कर राख हो गया। दुकान में आग की लपटें उठती देख लोगों ने मामले की सूचना तुरंत अग्निशमन विभाग को दी।
अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। जानकारी के मुताबिक पीड़ित जसवंत सिंह अलीगढ़ यूपी का रहना वाला है जो रेलवे रोड पर मूूंगफली बेचने का काम करता है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार देर रात शॉर्टसर्किट से दुकान में आग लग गई। इससे दुकान में मूंगफली की 20 बोरियां और अन्य सामान आग की चपेट में आ गया। इस मौके पर पहुंचे अग्निशमन कर्मियों ने आग पर काबू पाया। सूत्रों ने बताया कि अगर समय पर दमकल की गाड़ी न पहुंचती तो आसपास की दुकानों को भारी नुकसान हो सकता था।
एसपी संजीव गांधी का कहना है कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी ने कहा कि पुलिस आग से हुए नुकसान का आकलन कर रही है। आग लगने के कारणों की जांच की भी जांच जारी है।