अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। पुलिस थाना हरोली के तहत पुलिस की एसआईयू टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सलोह में शराब की बड़ी खेप बरामद की है। टीम ने सलोह स्थित एक रिहायशी मकान व आसपास उगी झाड़ियों से 123 पेटी शराब बरामद की है। इनमें 111 पेटी देसी व 12 पेटी अंग्रेजी शराब शामिल हैं। पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस को सलोह स्थित एक रिहायशी मकान में शराब की खेप रखी होने की सूचना मिली थी। पुलिस की एसआईयू टीम बृज भूषण, सुरेश कुमार, अमित कुमार, अनिल दत्ता व अरविंद कुमार ने बुधवार दोपहर को दबिश दी। एक रिहायशी मकान के अंदर व मकान के आसपास उगी झाड़ियों से भारी मात्रा में शराब बरामद की। पुलिस ने शराब का अवैध धंधा करने के आरोप में हरप्रीत सिंह उर्फ ढिल्लू निवासी सलोह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की कार्रवाई से नशे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस की एसआईयू टीम ने सलोह में दबिश देकर 123 पेटी शराब बरामद की है। पुलिस ने हरप्रीत सिंह के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।