अमर उजाला ब्यूरो
टाहलीवाल (ऊना)। क्षेत्र के बाथू मुख्य मार्ग पर टेंपो की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान रमन कुमार पुत्र तेजराम निवासी नानूवाल तहसील गढ़शंकर (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। वहीं टेंपो को जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक मंगलवार दोपहर रमन कुमार निवासी गढ़शंकर बाइक पर सवार होकर झुग्गियां पंजाब की ओर जा रहा था। इसी दौरान बाथू की ओर से आ रहे टेंपो के साथ जोरदार भिड़ंत हो गई। टेंपो के साथ टकराने के बाद बाइक पुली से नीचे जा गिरी। हादसे में रमन बुरी तरह से लहूलुहान हो गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक की परखच्चे उड़ गए।
घटना के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। हरोली पुलिस थाना से ट्रैफिक प्रभारी मनोहर लाल ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं टेंपो चालक के खिलाफ केस कर छानबीन शुरू कर दी है।