ऊना। रायपुर सहोड़ां में 35 वर्षीय महिला को सांप ने डस लिया। सांप का जहर शरीर में फैलने से उसकी तबीयत इतनी बिगड़ गई कि उसे प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। यहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
जिले के रायपुर सहोड़ा की महिला बिमला देवी वीरवार को घर से कुछ ही दूरी पर खेत में काम कर रही थी। इस दौरान उसे सांप ने डस लिया। सांप के डसने के कुछ ही मिनटों के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। वह किसी तरह घर पहुंची तथा परिजनों को इस बाबत जानकारी दी। परिजन उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाये। चिकित्सक ने महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। अस्पताल के एसएमओ डॉ. रामपाल शर्मा ने बताया कि महिला की हालत गंभीर होने के चलते उसे प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। जहां पर उसकी तबीयत अब पहले से बेहतर है।