ऊना।
जिला मुख्यालय पर बस अड्डे के साथ लगते पुल के समीप एक ट्रक ने स्कूटी सवार दो महिलाओं को बुरी तरह से रौंद दिया। दोनों का आपस में सास-बहू का रिश्ता है। इस हादसे में एक सास की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बहू को गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया है। ज्योति की हालत नाजुक बनी हुई है।
मृतका की पहचान रचना देवी (61) निवासी जखेड़ा के रूप में हुई है जबकि घायल की पहचान ज्योति पत्नी अमित निवासी जखेड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार ज्योति अपने बेटे विनायक और सास के साथ स्कूटी पर सवार होकर ऊना से वापस घर लौट रही थी। किला बाबा बेदी गेट के समीप सिलिंडर से भरे ट्रक की कुंडी में स्कूटी फंस गई। इस दौरान स्कूटी अनियंत्रित होकर स्किड हो गई।
हादसा इतना जोरदार था कि वृद्ध महिला की मौके पर मौत हो गई और शव क्षत-विक्षत हो गया। हादसे में ज्योति के सिर और पांव पर गंभीर चोटें आई हैं जबकि बेटे विनायक को मामूली खरोंचें पहुंची हैं। ज्योति और रचना देवी का आपस में सास-बहू का रिश्ता है। एएसपी अमित शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसडीएम विनय मोदी ने बताया कि प्रशासन ने मृतका के परिजनों को राहत राशि प्रदान की है।