अमर उजाला ब्यूरो
दुलैहड़ (ऊना)।
हरोली पुलिस थाना के तहत बीटन में एक स्कूली नाबालिग छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान रोहित कुमार (17) निवासी बीटन के रूप में हुई है। रोहित का शव बीटन गांव में खेतों से ही बरामद हुआ है। मौत के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार बीटन निवासी रोहित वीरवार रात को अपने गांव के समीप ही जागरण देखने गया था। शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने रोहित का शव जागरण स्थल से महज 200 मीटर दूर खेतों में पड़ा देखा। इसे देख सभी के होश उड़ गए। मामले की सूचना पुलिस और परिजनों को दी गई। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि रोहित स्कूल में जमा एक कक्षा का छात्र था।
खेतों में शव मिलने से स्थानीय लोगों में दहशत है। हालांकि अभी तक रोहित के मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। एसपी संजीव गांधी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।