ऊना। क्षेत्र के समीपवर्ती रक्कड़ कॉलोनी में लहूलुहान हालत में एक व्यक्ति सड़क किनारे पड़ा मिला। गंभीर हालत में व्यक्ति को 108 रोगी वाहन की मदद से ऊना अस्पताल पहुंचाया गया। घायल व्यक्ति की पहचान ज्ञान चंद निवासी पालकवाह तहसील हरोली जिला ऊना के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर को रक्कड़ स्थित बस स्टाप के पास एक महिला ने व्यक्ति को लहूलुहान अवस्था में बेहोश पड़े देखा। जिस पर उसने इसकी सूचना आसपास खड़े लोगों व 108 एंबुलेंस को दी। बेहोशी की हालत में व्यक्ति को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती कराया गया। यहां पर उसने अपनी पहचान ज्ञान चंद निवासी पालकवाह बताते हुए आपबीती सुनाई। ज्ञान चंद ने बताया कि वह एक ढाबे पर बतौर कुक कार्य करता है। बीती रात उससे कुछ लोगों ने मारपीट कर उसे बस स्टॉप के किनारे छोड़कर भाग गए। मंगलवार रात से ज्ञान चंद वहां बेहोश पड़ा रहा। उधर, एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।