ऊना। जिला मुख्यालय के समीपवर्ती गांव लालसिंगी में प्रवासी मजदूरों की दो झुग्गियां आग की भेंट चढ़ गईं। आग की घटना में करीब एक लाख रुपये का नुकसान आंका गया है। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने का कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। वहीं पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब साढ़े 11 बजे लालसिंगी स्थित एक प्रवासी मजदूर की झुग्गी में आग लग गई। आग ने साथ लगती झुग्गी को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकल विभाग की टीम में भूषण लाल, करतार सिंह, अशोक कुमार, गुरमेल, मनोहर सिंह, मोहन लाल, राकेश कुमार व धीरज कुमार ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की घटना में कमला देवी पत्नी बुद्धि राम और लखनपाल पुत्र नारायण दास दोनों निवासी सहारनपुर यूपी की झुग्गियों में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। टीवी व बिस्तर सहित खाने-पीने का सामान भी आग की भेंट चढ़ गया। करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। अग्निशमन केंद्र ऊना के प्रभारी रोशन सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। उधर, एसपी संजीव गांधी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।