अमर उजाला ब्यूरो
नंगल। श्री आंनदपुर साहिब मुख्य मार्ग पर स्थित भनुपली के निकट देर रात उस समय बड़ा हादसा होते होते टल गया जब नंगल की ओर से जा रहे एक ट्रक और नंगल की ओर आ रहे टैंकर के बीच जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इस हादसे में दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रक और टैंकर भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
जांच अधिकारी एएसआई जीत राम ने बताया कि ट्रक चालक जिला ऊना के औद्योगिक क्षेत्र बाथड़ी से माल भर कर चंडीगढ़ की ओर जा रहा था। टैंकर चालक एनएफएल की नंगल इकाई में आ रहा था। दड़ौली गांव के निकट दोनों वाहनों में जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भिड़ंत में दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें तुरंत बीबीएमबी अस्पताल में में भर्ती करवाया गया। टैंकर चालक मोहम्मद आलम की गंभीर हालात को देखते हुए पीजीआई रेफर कर दिया गया।
ट्रक चालक अमर सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। जांच अधिकारी एएसआई जीत राम ने बताया कि इस हादसे को लेकर ट्रक चालक अमर सिंह के खिलाफ 279, 337 व 427 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।