ऊना। पुलिस ने यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ शिकंजा कस दिया है। पुलिस ने खास कर बिना लाइसेंस सड़कों पर वाहन दौड़ा रहे स्कूली छात्र-छात्राओं पर कार्रवाई करनी शुरू कर दी है। पुलिस ने जिले में में जगह-जगह पर नाकेबंदी कर यातायात नियमों की अवहेलना करने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत 360 वाहनों के चालान किए।
पुलिस ने 360 वाहनों के चालानों में से 338 का मौके पर निपटारा करके जुर्माने के रूप में 57,200 रुपये प्राप्त किए। एसपी दिवाकर शर्मा ने बताया कि पुलिस ने 296 चालान बिना हेलमेट लगाए दोपहिया वाहन चलाने पर, तीन चालान बिना वाहन बीमा करवाए वाहन चलाने पर, 14 चालान बिना सेफ्टी बेल्ट लगाए वाहन चलाने पर, 17 चालान बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने पर, दो चालान अनाधिकृत क्षेत्र में वाहन पार्क करने पर, एक चालान शराब के नशे में वाहन चलाने पर, सात चालान यातायात संकेतों की अवहेलना करने पर, तीन चालान दोपहिया वाहनों पर ट्रिपल राइडिंग करने पर, चार चालान नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर, तीन चालान खतरनाक तरीके से वाहन चलाने पर तथा 10 चालान मोटर वाहन अधिनियम की अन्य धाराओं के तहत किए गए।
एसपी ने बताया कि सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान करने पर पुलिस थाना हरोली के तहत छह तथा पुलिस चौकी पंडोगा के तहत तीन लोगों के चालान करके जुर्माने के रूप में 850 रुपये प्राप्त किए गए। एसपी ने कहा नियमों की अवहेलना करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।