जोल (ऊना)।
अंब-ऊना मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बडूही चौक पर सड़क के किनारे लगे डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में कार सवार तीन लोगों को चोटें आई हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया है। इस हादसे में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई। इस मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार कार सवार मैड़ी में माथा टेकने के बाद अपने घर नालागढ़ के लिए वापस लौट रहे थे कि बडूही चौक पर उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे बने डिवाइडर से टकरा गई। इससे कार सवार लोगों को चोटें आई हैं। एसपी दिवाकर शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।