अमर उजाला ब्यूरो
दौलतपुर चौक (ऊना)। दौलतपुर चौक कॉलेज के गेट के बाहर प्राध्यापक, कॉलेज विद्यार्थी और उसके साथियों के साथ हुए झगड़े के दौरान गुम हुई प्राध्यापक की चेन मिल गई है। झगड़े के दौरान हुई धक्का-मुक्की से चेन वारदात स्थल पर ही गिर गई थी। यह बाद में कॉलेज के एक सफाई कर्मचारी को मिली।
सफाई कर्मी ने ईमानदारी का परिचय देते हुए कॉलेज कार्यालय में चेन जमा करवा दी। कालेज ने सोने की चेन को पुलिस के सपुर्द कर दी है। चौकी प्रभारी राजेंद्र पठानिया ने बताया कि प्राध्यापक ने सोने की चेन पहचान ली है। इसे कानूनी प्रक्रिया के बाद प्राध्यापक को सौंप दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुलिस 17 अप्रैल को कॉलेज गेट के बाहर हुए झगड़े की निष्पक्ष जांच कर रही है। शनिवार को भी पुलिस ने कॉलेज जाकर प्रत्यक्षदर्शियों के बयान कलमबद्ध किए हैं।
शनिवार को हिमाचन प्रदेश कॉलेज टीचर यूनियन प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजय जसरोटिया की अगुवाई में कालेज पहुंची। टीम ने प्राध्यापक के साथ हुए झगड़े के तथ्यों को जाना। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन भेज कर मांग की कि आरोपी छात्र को परीक्षा पर रोक लगाई जाए। इस अवसर पर उनके साथ डॉ. दिनेश शर्मा, प्रो. रितु जसवाल, प्रो. देवकला शर्मा, प्रो. नरेंद्र ठाकुर, प्रो. डॉ. निधि शर्मा यूनियन के सदस्य उपस्थित रहे।