ऊना। पुलिस थाना हरोली के तहत बाथड़ी में ट्रक पलटने से क्लीनर की मौत हो गई। युवक की पहचान आकाशदीप पुत्र कर्मजीत निवासी फाजिल्का स्थित राधा स्वामी कॉलोनी पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार पंजाब से सामान लेकर ऊना आ रहा ट्रक बाथड़ी में अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे 18 वर्षीय क्लीनर आकाशदीप की नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए ऊना अस्पताल पहुंचाया। उधर, डीएसपी हरोली अजय राणा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों से भी मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है।