ऊना। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले के मंत्री किशन कपूर के आदेशों के बाद विभाग हरकत में आ गया है। खाद्य आपूर्ति विभाग के निरीक्षण टीमों ने सोमवार को डिपुओं में उपभोक्ताओं को बांटे जा रहे राशन की जांच की।
निरीक्षण टीमों ने इस दौरान थोक केंद्रों से 11 नमूने एकत्रित किए। जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं एवं उपभोक्ता मामले के राजीव शर्मा ने बताया कि एकत्रित किए नमूने जांच के लिए निदेशालय स्थित प्रयोगशाला में भेजा गया है। उन्होंने बताया कि निरीक्षकों द्वारा जिला में कार्यरत उचित मूल्य की दुकानों को चेक किया जा रहा है। निरीक्षकों को निर्देश जारी किए हैं कि उचित मूल्य की दुकानों पर वितरित किए जा रहे राशन में यदि कोई खराब पाया जाता है तो उसकी बिक्री तुरंत बंद करवा कर उसको बदलवा दिया जाए।
गौरतलब है कि बीते रविवार को जोल में आयोजित जनमंच कार्यक्रम में लोगों ने डिपुओं में मिलने वाले राशन की गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे। इस संबंध में गोदाम प्रभारियों एवं उचित मूल्य की दुकान धारकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वह खराब खाद्य को उपभोक्ताओं को वितरित न करें एवं तुरंत इसकी सूचना संबंधित निरीक्षक व कार्यालय को दें ताकि उपभोक्ताओं को सही गुणवत्ता वाला राशन उपलब्ध करवाया जा सके।