अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। पुलिस थाना बंगाणा के तहत थानाकलां में एक कार अनियंत्रित होकर 50 फुट खाई में गिर गई। हादसे में चार दिन के नवजात शिशु सहित पांच लोग घायल हुए हैं। सभी को उपचार के लिए बंगाणा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार रीना कुमारी निवासी डोहगी की चार दिन पहले क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में डिलीवरी हुई थी। बुधवार दोपहर अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। रीना अपने चार दिन के नवजात शिशु को लेकर परिजनों सहित कार में सवार होकर घर लौट रही थी। थानाकलां में पहुंचने पर कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसेे में सवार नवजात शिशु, रीना कुमारी, संजीव कुमार, उर्मिला देवी और चार वर्षीय महक घायल हुई है। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को बंगाणा अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां सभी की हालत खतरे से बाहर है।
उधर, डीएसपी ऊना कुलविंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।