ऊना।
क्षेत्र के गांव झलेड़ा में स्थित शटरिंग स्टोर में अचानक ही आग भड़क गई। आग में पीड़ित का करीब पांच लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया। पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर झलेड़ा स्थित सुरजीत सिंह कथूरिया के शटरिंग स्टोर में अचानक आग लग गई।
आग की उठती लपटें देख स्थानीय लोग आग बुझाने में जुट गए और इसकी सूचना दमकल विभाग को दे दी। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग ने प्रेम कुमार, विजय और नवीन सहित टीम ने मौके पर पहुंच आग पर नियंत्रण पाया। आग में स्टोर के अंदर रखे बड़ी गाड़ियों के टायर, दरवाजे सहित शटरिंग जलकर राख हो गई। आग में करीब पांच लाख का नुकसान आंका गया है।
एएसपी अमित शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले को लेकर जांच कर रही है। अभी तक आग के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अग्निशमन केंद्र ऊना के प्रभारी रोशन लाल ने बताया कि आग की सूचना मिलने पर दमकल गाड़ी और कर्मियों को मौका पर भेजा गया और आग पर काबू पाया गया। उन्होंने कहा कि आपात स्थिति में 101 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।