भरवाईं (ऊना)। पुलिस थाना चिंतपूर्णी ने दिन-दहाड़े कार से साढ़े नौ ग्राम चरस पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने गाड़ी मालिक को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि पकड़ा आरोपी कई साल से चरस की सप्लाई कर रहा था। पुलिस को काफी समय से इसकी तलाश थी।
सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति चरस लेकर कार से जा रहा है। थाना प्रभारी जगवीर ठाकुर, एएसआई महेंद्र सिंह और टीम ने कार का पीछा किया। आरोपी अपने पीछे पुलिस की गाड़ी लगी देख कार को ज्यादा रफ्तार से भगाने लगा। एसएचओ जगवीर ठाकुर ने बड़ी ही होशियारी से व्यक्ति को धर दबोचा। तलाशी लेने पर इसके पास से साढ़े नौ ग्राम चरस बरामद हुई है। आरोपी की पहचान संजीव चौहान पुत्र प्रेम चंद उम्र 38 साल निवासी हीरानगर अंब के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एसपी दिवाकर शर्मा ने बताया कि पुलिस का नशे के खिलाफ अभियान जारी है। नशे का धंधा करने वाले लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।