अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। उपमंडल हरोली के पालकवाह के पास तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित हो दीवार तोड़कर दुकान में जा घुसा। ट्रक की टक्कर से दुकान में खड़ा बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में एक व्यक्ति को चोट लगी है। उसे लोगों की मदद से हरोली अस्पताल पहुंचाया गया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है।
ललड़ी गांव के विजय कुमार ने हरोली थाना में शिकायत दर्ज करवाई है कि वह पालकवाह में टायर पंक्चर की दुकान में बैठा था। इस दौरान तेज रफ्तार ट्रक दुकान का शटर और दीवार तोड़कर अंदर जा घुसा। इससे दुकान और एक बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में ट्रक चालक राहुल निवासी गांव पोलियां तहसील हरोली जिला ऊना को चोटें आई हैं। उसे उपचार के लिए हरोली अस्पताल में भर्ती करवाया है। एसपी दिवाकर शर्मा का कहना है कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।