अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। शादी समारोह में देर रात तक डीजे सिस्टम बजाने वाले संचालकों पर पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी। अब जो भी डीजे संचालक नियमों का उल्लंघन करेगा, उसके डीजे और साउंड सिस्टम को बिना एफआईआर दर्ज किए जब्त किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक दिवाकर शर्मा ने वीरवार को जिले के सभी मैरिज पैलेस और डीजे संचालकों के साथ बैठक कर सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान एएसपी विनोद कुमार और डीएसपी हेडक्वार्टर अशोक वर्मा भी मौजूद रहे। एसपी ने आह्वान किया कि कोर्ट के आदेशों का सम्मान करते हुए डीजे आदि के संचालन में समय सारिणी का पूरा ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि यदि कोई डीजे संचालक नियमों का उल्लंघन करेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उसके डीजे और साउंड सिस्टम को बिना एफआईआर दर्ज किए जब्त किया जाएगा।
इसके लिए वह खुद जिम्मेदार होगा। बैठक में जिला भर के थानों से आए पुलिस अधिकारियों को एसपी ने नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि संबंधित थाने और चौकियों के प्रभारी इस बात का विशेष ध्यान रखें कि उनके इलाके में किसी प्रकार से भी कानून का उल्लंघन न हो। उन्होंने कहा कि मैरिज पैलेस के संचालक भी अपने यहां कोर्ट के आदेशों को बोर्ड के रूप में प्रदर्शित करें। इससे लोगों को भी इस संबंध में जागरूक किया जा सके।