अंब (ऊना)। उपमंडल में नाबालिग किशोरी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान बिहार के भोजपुर की निवासी 14 वर्षीय मंजू के रूप में की गई है। पुलिस ने सूचना मिलतेे ही मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि मृतका के पिता अंब में दिहाड़ी-मजदूरी करते हैं। वहीं किराए के मकान में पूरा परिवार अंब में रह रहा है। आत्महत्या के कारणों का अभी सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस के मुताबिक मंजू अंब के एक सरकारी स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर रही थी। मंगलवार रात मंजू की बड़ी बहन खाना बनाने की तैयारी कर रही थी। उसी वक्त मंजू ने अपने आप को कमरे में बंद कर लिया। परिवार के सदस्यों ने इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया।
वे अपने काम में लगे रहे। थोड़ी देर बाद उसका पिता साहिब महतो काम से लौटा तो उसने परिजनों से मंजू के बारे में पूछा। परिजनों से ने बताया कि वह कमरे में सो रही है। पिता ने कमरे का दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। खिड़की से अंदर झांक कर देखा तो मंजू ग्रिल में दुपट्टा लगाकर लटकी हुई थी। परिजनों ने दरवाजा तोड़ा और नीचे उतार कर फौरन अंब अस्पताल ले आए। यहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस बारे में डीएसपी अंब मनोज जंबाल ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।