पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर कोविड केंद्र हरोली में मरीज मिलते हुए।
- फोटो : Una
ऊना। ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कोविड सेंटर हरोली के वार्ड में जाकर कोरोना संक्रमितों से सुविधाओं की फीडबैक ली। पीपीई किट पहनकर कंवर लगभग 20 मिनट तक वार्ड में मौजूद रहे। उन्होंने कोरोना मरीजों से बातचीत भी की।
उन्होंने कोविड केंद्र के भीतर स्वास्थ्य सेवाओं, खाने-पीने की व्यवस्था, शौचालयों की साफ-सफाई आदि के संदर्भ में जानकारी ली। कंवर ने बताया कि बातचीत के दौरान सभी मरीजों ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी जा रही सुविधाओं पर संतुष्टि जताई। उन्होंने बेहतर सुविधाओं के लिए स्वास्थ्य विभाग तथा जिला प्रशासन ऊना को बधाई देते हुए फ्रंटलाइन वर्कर्स की सेवाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि महामारी के दौर में विपक्ष अपनी बयानबाजी से सिर्फ लोगों को हतोत्साहित करने का प्रयास कर रहा है। मीडिया में बयान देने के अलावा विपक्षी नेताओं का इस कोरोना काल में और कोई योगदान नहीं है।
विपक्ष के नेता आधारहीन बयानबाजी कर रहे हैं तथा उनके आरोप तथ्यों से परे हैं। आज स्वयं उन्होंने कोरोना मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का निरीक्षण किया है। जिले में संक्रमितों को बेहतर सेवाएं दी जा रही हैं। कंवर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इस दौरान उपायुक्त ऊना राघव शर्मा, एसपी अर्जित सेन ठाकुर, सीएमओ ऊना डॉ. रमन कुमार शर्मा और अन्य मौजूद रहे।