प्रदेश मुख्य संरक्षक रमेश भारद्वाज की अध्यक्षता में हुई पेंशनर्स संघ की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। हिम आंचल पेंशनर्स संघ ने प्रदेश सरकार से पेंशनर्स को लंबित वित्तीय लाभ देने की गुहार लगाई है। वीरवार को हिम आंचल पेंशनर्ज संघ की बैठक प्रदेश मुख्य संरक्षक और संस्थापक रमेश भारद्वाज की अध्यक्षता में सीनियर सिटीजन होम ऊना में हुई।
संघ के प्रधान रोशन लाल चौधरी ने कहा कि पेंशन विसंगति के साथ-साथ लीव एनकैशमेंट, ग्रेच्युटी और डीए की किस्त के लाभ अभी भी सरकार के पास लंबित चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई पेंशनर्स ने अपने इन अधिकारों को हासिल करने के लिए अदालत का रुख किया और अदालत ने उनके हक में फैसला भी सुनाया। इसके बावजूद सरकार इस मामले को और भी लंबा खींचती जा रही है। उन्होंने कहा कि कई पेंशनर्स अपने जायज हक का इंतजार करते-करते इस दुनिया से भी जा चुके हैं, जबकि अधिकांश पेंशनर अब 70 वर्ष की आयु से ऊपर चल रहे हैं, जिन्हें वर्तमान समय में कई शारीरिक परेशानियों से भी गुजरना पड़ रहा है।
अदालत के फैसले के साथ कई बार सरकार के नुमाइंदों के समक्ष भी इन मुद्दों को उठाए जाने के बावजूद अभी तक सकारात्मक कार्रवाई नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि सरकार जितना इन मामलों को लंबा करती जाएगी, उतनी सरकार की देनदारी भी बढ़ती जाएगी। इन परिस्थितियों से बचने के लिए सरकार को पेंशनर्स के जायज अधिकारी समयबद्ध तरीके से जारी कर देने चाहिए, ताकि उनका पेंशनर्स को भी लाभ मिल सके। इस अवसर पर देसराज मेहता, यशपाल धीमान, विशनदास, राम सिंह, रामपाल, राम कुमार, मक्खन, लाज कुमार, शक्ति स्वरूप शर्मा, मदन लाल धीमान, जगन्नाथ धीमान, सरवण सिंह, टेक चंद, राममूर्ति लठ आदि उपस्थित रहे।
सचित्र