एक भाजपा पार्षद और उसके बेटे ने कथित तौर पर मतदान करने आई एक युवती से मारपीट कर डाली। युवती अपने परिजनों के साथ ऊना शहर में थाने के समीप एक पोलिंग बूथ पर मतदान करने गई थी। मतदान के बाद पोलिंग बूथ से लौटते समय घटना हुई।
पोलिंग बूथ के बाहर थाने के समीप घटना के बाद काफी देर खूब हंगामा हुआ। युवती ने पार्षद और उसके बेटे पर दुर्व्यवहार करने का भी आरोप जड़ा है। एएसपी राकेश सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के अनुसार युवती ने शिकायत में कहा है कि वह अपने परिजनों के साथ वोट डालने आई थी। आरोप है कि मतदान के बाद पोलिंग बूथ के समीप उक्त पार्षद और उसके बेटे ने युवती के साथ दुर्व्यवहार किया और युवती को थप्पड़ भी जड़े। घटना के दौरान काफी हंगामा हुआ। थाने के समीप घटना होने से पुलिस भी वहां पहुंची।
उधर, पार्षद और उसके बेटे ने पुलिस को सौंपे शिकायत पत्र में कहा कि युवती और उसके परिजनों ने उन पर हमला किया। दोनों पक्षों की ओर से दायर शिकायतपत्रों पर पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि उक्त युवती दिल्ली में रहती है तथा मतदान करने के लिए परिजनों के साथ ऊना आई थी।