भरवाईं (ऊना)। चिंतपूर्णी आने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही को लेकर अभी बॉर्डर पर पाबंदी नहीं है। न ही मंदिर आने वाले भक्तों के लिए किसी तरह की कोरोना रिपोर्ट अनिवार्य है। यह बात डीसी ऊना राघव शर्मा ने कही।
उन्होंने बताया कि रोजाना जिला ऊना में कोरोना संक्रमण के केस बढ़ रहे हैं। इसलिए आने वाले कुछ दिनों में मंदिर में आने वाली भीड़ को लेकर शीघ्र कोई निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर सख्त पाबंदियां और बंदिशें भी लगाई जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि चिंतपूर्णी मंदिर में हर राज्य के श्रद्धालु आते हैं। इसलिए जरूरी है कि यहां पर स्थानीय लोगों के साथ श्रद्धालु भी कोरोना बीमारी से सुरक्षित रहें। डीसी ने कहा कि फिहलाल उन्होंने सभी पंचायत प्रतिनिधियों को निर्देश दिए हैं कि उनके गांव में अगर कोई महाराष्ट्र और पंजाब से आता है तो उसका कोविड टेस्ट जरूर करवाएं। इससे कोरोना संक्रमण फैल न सके और कोरोना संक्रमितों का समय पर पता लगा कर उसका इलाज करवाया जा सके।