बेहलां जंगल में लगी आग से वन संपदा को पहुंचा नुकसान।
- फोटो : Una
अंब (ऊना)। क्षेत्र के धंधड़ी में आग के कारण पशुशाला और तूड़ी टाल जल गया। इसके अलावा सिद्ध चलहेड़ और हंबोली के जंगल में आग के कारण वन संपदा को नुकसान पहुंचा है। अग्निकांड से लगभग 35 हजार रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान है।
धंधड़ी में मंगलवार सुबह लगभग साढ़े ग्यारह बजे सुभाष चंद पुत्र रतन चंद के तूड़ी के टाल में अचानक आग लग गई। इस कारण लगभग 15 हजार रुपये की तूड़ी जल गई। इसके साथ लगती किशोरी लाल पुत्र कर्मचंद की खड़पोष पशुशाला में आग के कारण वहां चार पंखे, टुल्लू पंप जल गया। इस कारण लगभग बीस हजार रुपये के नुकसान का अनुमान है। अंब फायर स्टेशन के इंचार्ज राकेश कुमार ने बताया कि फायर कर्मियों ने धंधड़ी में मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया। पशुशाला के साथ लगती आबादी को सुरक्षित किया। मंगलवार दोपहर बाद सिद्ध चलहेड़ और हंबोली में जंगल में आग के कारण वन संपदा को नुकसान पहुंचा है। फायर कर्मियों ने दोनों स्थलों पर जाकर आग पर काबू पाया।