ऊना। कोरोना की आशंका चलते लोग एहतियातन टेस्ट करवाने से कतरा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग का रोजाना 100 टेस्ट करने का लक्ष्य भी पूरा नहीं हो पा रहा है। जिले में इन दिनों वायरल के मामले भी काफी संख्या में आ रहे हैं। इसके बावजूद लोग टेस्टिंग के लिए आगे नहीं आ रहे हैं। बीते दिनों संतोषगढ़ में कोरोना का पॉजिटिव मामला आ चुका है।
कोरोना से बचाव के लिए सरकार लोगों से कोरोना नियम अपनाने की अपील कर रही है। अपील के बावजूद लोग लापरवाही के चलते टेस्ट करवाने के लिए आगे ही नहीं आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग को अधिक से अधिक टेस्ट करने के निर्देश भी जारी किए हैं। बीते कुछ दिनों से जिले भर के अस्पतालों में वायरल के मामले बढ़ने पर मरीजों से एहतियातन कोरोना टेस्ट करवाने की अपील की जा रही है, लेकिन कोई आगे नहीं आ रहा है। इससे विभाग के लिए परेशानी बढ़ती जा रही है।
विभाग ने रोजाना करीब 100 कोविड टेस्ट करने का लक्ष्य रखा गया है। आलम यह है कि आरटीपीआर टेस्ट तो दूर लोग रैपिड एंटीजन टेस्ट करवाने के लिए भी हामी नहीं भर रहे हैं। औसतन 20 से 30 टेस्ट ही रोज हो रहे हैं। इससे काफी कम लोगों की जांच हो पा रही है। विभाग टेस्टिंग को बढ़ाने के लिए आशा वर्कर और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम में पंचायतों में लोगों को जागरूक करने का प्रयास भी कर रहा है। इसके बावजूद लोग कोरोना टेस्ट करवाने से कतरा रहे हैं।
इन दिनों वायरल से पीड़ित मरीजों से एहतियातन कोरोना टेस्ट करवाने की अपील की जा रही है। इसके बाद भी काफी कम संख्या में लोग टेस्ट करवाने के लिए तैयार हो रहे हैं। लोगों से अपील है कि वह एहतियातन कोविड टेस्ट करवाने के लिए आगे जरूर आएं। डॉ. मंजू बहल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी ऊना