गगरेट (ऊना)। व्यापारियों के लिए महामारी के साथ-साथ अब गर्मी भी आफत बनी है। क्षेत्र में पिछले दिनों से पड़ रही भयंकर गर्मी के चलते दोपहर के समय बाजारों में सन्नाटा सा पसर जाता है। बाजार तो खुलते हैं परंतु ग्राहक नदारद हैं।
लॉकडाउन में मिली छूट का लाभ भी दुकानदारों को न के बराबर ही मिल रहा है। लोग कोरोना के डर से बाजारों में खरीदारी करने से परहेज कर रहे हैं। ग्राहक बाजारों से मात्र जरूरत की वस्तुएं लेने के लिए ही बाजारों का रुख कर रहे हैं। महामारी में दुकानदारों का खर्चा निकलना भी मुश्किल हो गया है। व्यापारी अरविंद, कपिल, विकास, प्रिंस, संजय, राजेंद्र पिंटू, संजीव, इंदरजीत ने कहा कि कोरोना के साथ अभी गर्मी भी कहर बन कर टूट रही है। बाजारों से रौनक गायब है। जिन लोगों के पास निजी वाहन हैं मात्र वही बाजारों में जरूरत का सामान खरीद रहे हैं अन्यथा बाजार में दुकानदार मात्र औपचारिकता पूरी करने ही दुकानें खोल रहे हैं। उन्हें प्रतिदिन यही आस रहती है कि शायद अब बाजारों में रौनक बढ़ेगी और दुकानदारी भी चल निकलेगी। एक ओर कोरोना का खौफ तो दूसरी ओर गर्मी का प्रकोप व्यापारियों के लिए आफत बन कर सामने आया है। कुल मिलाकर हालात ऐसे हैं कि शाम होते ही प्रशासन का कर्फ्यू लग जाता है तो दोपहर को गर्मी का सन्नाटा छा जाता है।