ऊना। जिले में छह नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। बुधवार को कोविड-19 जांच के लिए पालमपुर भेजे 207 सैंपल में छह कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। 200 सैंपल निगेटिव और एक सैंपल रिजेक्ट हुआ है। 11 संक्रमितों के फॉलोअप सैंपल में से दो पॉजिटिव, सात निगेटिव और दो रिजेक्ट हुए हैं।
ऊना के वार्ड आठ की 72 वर्षीय महिला कोरोना संक्रमित पाई है। फ्लू के लक्षणों के चलते इनका सैंपल लिया गया था। यूपी से लौटा हरोली उपमंडल के बाथड़ी का 20 वर्षीय युवक भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। उक्त युवक संस्थागत क्वांरटीन है। वहीं उपमंडल अंब के मुबारिकपुर का 51 वर्षीय व्यक्ति भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। वह बिहार से लौटा था। उपमंडल अंब का ही 31 वर्षीय युवक भी संक्रमित हुआ है। फ्लू के लक्षणों के चलते युवक का सैंपल लिया था। उपमंडल ऊना के संतोषगढ़ का बिहार से लौटा 20 वर्षीय युवक भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। बंगाणा उपमंडल के डीहर का 31 वर्षीय युवक भी कोरोना संक्रमित निकला है। युवक राजस्थान से लौटा था और संस्थागत क्वारंटीन था। सीएमओ डॉक्टर रमन कुमार शर्मा ने बताया कि सभी मामलों में हेल्थ प्रोटोकॉल के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। बता दें कि जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 348 हो गई है। इसमें से 246 स्वस्थ और 102 सक्रिय मामले हैं। जिला में माइग्रेटेड इन के 18 मामले हैं। इसमें से 13 स्वस्थ और पांच केस सक्रिय हैं।
संक्रमित के संपर्क में आया स्टाफ क्वारंटीन
क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में ऑपरेशन के बाद कोरोना संक्रमित पाए गए व्यक्ति के संपर्क में आए अस्पताल के चार डॉक्टरों समेत 22 स्टाफ और लोगों को क्वारंटीन कर दिया है। इसके अलावा सर्जिकल वार्ड को सैनिटाईज और सील कर दिया है। बता दें कि उक्त व्यक्ति की कोरोना रिपोर्ट बीते बुधवार को पॉजिटिव पाई गई थी। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने तुरंत नियमानुसार कार्रवाई की गई है।