एनएच के अधिशासी अभियंता ने मंगलवार को किया निर्माण स्थल का औचक निरीक्षण
ठेकेदार और कंपनी के अधिकारियों के साथ की लंबी बैठक
निर्माण कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश, वर्तमान में 20 फीसदी पूरा हो चुका है निर्माण कार्य
रीतिका शर्मा
ऊना। शहर के मलाहत में तैयार हो रहे रेलवे अंडरपास का निर्माण कार्य अगस्त में पूरा किया जाएगा। मंगलवार को राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता ने मौके का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने ठेकेदार, कंपनी के अधिकारियों के साथ लंबी बैठक की और निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। मौजूदा समय में रेलवे अंडरपास का 20 फीसदी काम पूरा हो गया है। अगस्त में रेलवे अंडरपास तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। 14 करोड़ की लागत से अंडरपास का कार्य पूरा होगा।
रेलवे अंडरपास की लंबाई 21.50 मीटर और चौड़ाई 12.30 मीटर होगी। वर्तमान में अंडरपास कार्य रेलवे फाटक की एक ओर किया जा रहा है। यह कार्य पूरा होने के बाद दूसरी ओर से कार्य शुरू होगा। इससे पहले रेलवे पटरी के नीचे आरसीसी का बॉक्स डाला जाएगा। इसके लिए रेलवे पटरी के 20 मीटर हिस्से को निकालकर उसके नीचे दो गार्डर रखे जाएंगे। ट्रेनों की आवाजाही को देखते हुए ही पटरी का हिस्सा उठाया जाएगा ताकि आवाजाही प्रभावित न हो। इसके बाद दूसरी ओर निर्माण कार्य शुरू होगा। अगस्त में अंडरपास तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
लोगों की सुविधा को देखते हुए रेलवे अंडरपास कवर्ड बनाया जा रहा है। ऐसे में बरसात के समय बारिश का पानी अंदर नहीं आएगा। अंडरपास तैयार होने से राष्ट्रीय राजमार्ग से आवाजाही करने वाले लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। इसी मार्ग पर स्थित उत्तर भारत के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पीरनिगाह जाने वाले लाखों श्रद्धालुओं को आसानी होगी। जिले में रेल सेवाओं के विस्तार से इस रोड से गुजरने वाले लोगों को ज्यादातर रेलवे फाटक का सामना करना पड़ता था। इससे कई बार एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं को भी काफी इंतजार करना पड़ता था। अंडरपास तैयार होने से लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
मलाहत रेलवे अंडरपास का निरीक्षण कर ठेकेदार और कंपनी के अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
हरिराम, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग, हमीरपुर मंडल