गगरेट (ऊना)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरुद्ध सोशल मीडिया पर पोस्ट डालने के आरोप में गगरेट के कांग्रेसी नेता अनिल डडवाल की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बुधवार को पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद पटियाला हाऊस कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेज दिया था। अब उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई वीरवार को होनी थी। वीरवार को भी उन्हें जमानत नहीं मिली। अब शनिवार व रविवार की छुट्टी होने के चलते सोमवार को सेशन कोर्ट दिल्ली में जमानत याचिका फिर से लगाने की संभावना है। जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री के खिलाफ फेसबुक पोस्ट करने के मामले में दिल्ली पुलिस के स्पेशल सैल ने 25 फरवरी को केस दर्ज किया था। उसके बाद पुलिस टीम अनिल डडवाल की गिरफ्तारी के लिए उनके पैतृक गांव भी पहुंची लेकिन उनके न मिलने पर घर पर तफ्तीश में शामिल होने का नोटिस चस्पां किया गया।
इसी बीच अनिल डडवाल स्वयं जांच में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे, जहां उनसे लंबी पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया गया। अब देखना यह होगा कि सोमवार को अनिल डडवाल कि जमानत पर क्या सुनवाई होगी। हालांकि गगरेट के विधायक राकेश कालिया ने हिमाचल विधानसभा में यह मुद्दा जोर शोर से उठाया था।