भाजपा कार्यलय ऊना में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ता व अन्य।संवाद
ऊना। राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी ने कहा कि कांग्रेस ने संविधान निर्माण डॉ. भीमराव अंबेडकर का तिरस्कार किया है। कांग्रेस ने न केवल डॉ. आंबेडकर के जीवित रहते हुए उनका अपमान किया, बल्कि उनके निधन के बाद भी उनका सम्मान नहीं किया। केंद्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद ही डॉ. आंबेडकर को सही सम्मान मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके नाम से स्मारक बनवाकर उसे लोकार्पित किया।
वह रविवार को भाजपा कार्यालय दीपकमल में डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर आयोजित समरसता दिवस समारोह के समापन पर बतौर मुख्य अतिथि बोल रहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने जिस व्यक्ति को डॉ. आंबेडकर के खिलाफ चुनाव लड़वाया, उसे तो राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया, जबकि डॉ. अंबेडकर को न तो जीते जी और न ही मरणोपरांत कोई बड़ा सम्मान दिया।
उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और जनता से अपील की कि वे डॉ. आंबेडकर के योगदान को सही तरीके से समझें और उनका सम्मान करें। उन्होंने कहा डॉ. आंबेडकर का संविधान निर्माण में अतुलनीय योगदान है। भाजपा उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का काम कर रही है। इससे पहले भाजपा कार्यालय दीप कमल पहुंचने पर सांसद इंदु गोस्वामी का पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और विधायक सतपाल सिंह सत्ती, प्रदेश प्रवक्ता महेंद्र धर्माणी और अन्य पार्टी नेता भी मौजूद थे। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने संविधान निर्माण बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
नेशनल हेराल्ड मामले में इंदु गोस्वामी का तीखा हमला
नेशनल हेराल्ड को लेकर प्रदेश में जारी सियासी घमासान के बीच राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार द्वारा नेशनल हेराल्ड को विज्ञापन जारी करने को लेकर दी गई सफाई को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता जिस पाञ्चजन्य जैसी पत्रिका का हवाला दे रहे हैं, वह पत्रिकाएं स्वतंत्रता से पूर्व से ही समाज में सक्रिय रही हैं। इंदु गोस्वामी ने सवाल खड़ा किया कि नेशनल हेराल्ड का देश और समाज के प्रति क्या योगदान रहा है? उन्होंने आरोप लगाया कि यह अखबार केवल गांधी परिवार की जेब भरने का माध्यम बना रहा। उन्होंने मुख्यमंत्री के उस बयान को भी दुर्भाग्यपूर्ण बताया, जिसमें उन्होंने नेशनल हेराल्ड को अपना अखबार बताते हुए भविष्य में भी विज्ञापन जारी रखने की बात कही।
भाजपा कार्यलय ऊना में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ता व अन्य।संवाद